गाजियाबाद : गाजियाबाद कोर्ट में उस वक्त हड़कंप मच गया जब एक तेंदुआ कोर्ट के अंदर घुस गया. तेंदुए ने कोर्ट के अंदर मौजूद कई लोगों पर जानलेवा हमला किया. तेंदुए के हमले में कई लोग घायल हो गए. घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करा दिया गया. सूचना मिलते ही पुलिस और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई.
तेंदुआ पहली मंजिल पर कोर्ट रूम में पहुंच गया था
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सीजेएम कोर्ट के ऑफिस न.050-के सामने सबसे पहले जूता पॉलिश करने वाले सलीम को तेंदुए ने हमला कर घायल कर दिया. शाम 4:10 पर कचहरी में आईएमटी की तरफ से अचानक तेंदुआ घुस आया था. जिसके बाद तेंदुआ सीढ़ियों से चलता हुआ पहली मंजिल पर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट की कोर्ट में घुस गया. तेंदुए को देख पूरे कचहरी परिसर में भगदड़ मच गई.
कई लोग घायल हो गए
मुकदमों की पैरवी करने आए लोगों को तेंदुए ने लहूलुहान कर दिया. पहली मंजिल पर तेंदुए को देख कर लोग भागकर तीसरी मंजिल पर छुप गए. बाद में तीसरी मंजिल पर फंसे न्यायिक अधिकारियों और कर्मचारियों को अदालत से बाहर निकाला गया.
खबर मिलने तक अदालत को खाली करा लिया गया था और तेंदुए को पकड़ने की कोशिश हो रही थी.

